संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पहला कदम फाउंडेशन ने शनिवार को अग्रवाल धर्मशाला में विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता अभियान चलाया। इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश वशिष्ठ ने की। उन्होंने बताया कि हमें हर ऐसे व्यक्ति की पहचान करनी है जिसमें कैंसर के लक्षण हैं। ऐसे व्यक्ति को हौसला देने की आवश्यकता है। समय रहते कैंसर का पता चल जाए तो मरीज की जान बचाई जा सकती है।
कहा कि ज्यादातर देखा गया है की लोग बीमारी से नहीं डर से ज्यादा प्रभावित होते हैं। इसलिए पहला कदम फाउंडेशन ने एलएलएफ सदस्यों के साथ जागरूकता अभियान की शुरुआत की है ताकि समय रहते हम लोगों को जागरूक करने में सफल हो। इस अवसर पर युवाओं ने कैंसर पीड़ित लोगों को हौसला देने के साथ-साथ आवश्यक मदद देने का भी निर्णय लिया है। युवाओं ने शपथ ली कि वे इस अभियान को सफल बनाने में अपना पूरा योगदान देंगे। एलएलएफ जिला समन्वयक प्रदीप तिवारी और जिला कोऑर्डिनेटर रवि प्रकाश शर्मा और गुलाब चंद ने भी अभियान में सहयोग करने का आश्वासन दिया। गाइड विंग की डीओसी उषा गुप्ता ने बताया कि गाइड लड़कियों ने महिलाओं को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। हमारा पूरा प्रयास है कि हम अपने आसपास हर महिला को जागरूक करे तथा साथ ही जिनको कैंसर है ऐसे व्यक्ति का हौसला बढ़ाना भी हम सभी की जिम्मेदारी बनती है। इस अवसर पर संदीप निर्मल, शिव लाल, प्रदीप सकलानी, कम्युनिटी मॉबिल्जर रूबी, पंकज कुमारी, बलवंत शर्मा, आदित्य, नवीन, कृष्ण, सुनील मौजूद रहे।