जींद। 74 वां गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर एकलव्य स्टेडियम में 24 जनवरी को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल होगी। इसमें डीसी डॉ. मनोज कुमार राष्ट्र धुन के साथ ध्वजारोहण करेंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे।
नगराधीश अमित कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। गणतंत्र दिवस समारोह में श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह में पहुंचने से पहले श्रम एवं रोजगार मंत्री अनुप धानक गोहाना रोड स्थित शहीदी स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। समारोह में आने वाले विशिष्ठ जनों के बैठने के लिए आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिये गए हैं। दर्शकों के बैठने के लिए अलग ब्लॉक बनाये गए हैं। स्कूली बच्चों द्वारा योगा, पीटी शो तथा डंबल, पुलिस की टुकडिय़ोंं, होम गार्ड के जवानों, एनसीसी के बच्चों की रिहर्सल होगी। इसके अलावा 13 विभागों द्वारा शानदार झांकियां निकाली जाएंगी, जिनके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाएं एवं जन कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी मिलेगी। पुलिस, सहकारी चीनी मिल जींद, शिक्षा विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग जींद, हैफेड, पीओ आईसीडीएस, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, मत्स्य विभाग, आयुष विभाग तथा हरियाणा रोडवेज द्वारा शानदार झांकियां निकाली जाएंगी।
सांस्कृतिक टीमें देगीं प्रस्तुति
गणतंत्र दिवस समारोह की फाइनल फूल ड्रेस रिहर्सल में जाट सीनियर सैकेंडरी स्कूल का दुनिया तै न्यारा हारा हरियाणा गु्रप नृत्य, हैप्पी सीनियर सैकेंडरी स्कूल द्वारा चांद सितारों से हम इसकी मांग सजा देंगे एक्ट सांग, गुरुकुल विद्यापीठ स्कूल द्वारा देश रंगीला गु्रप डांस, राजकीय सीनियर सैकेंडरी स्कूल जींद द्वारा बदला वक्त सोच बदलेगी पर हरियाणवी समूहगान, वुड स्टॉक पब्लिक स्कूल द्वारा देशा में देश हरियाणा गु्रप डांस, आधारशिला पब्लिक स्कूल जींद द्वारा अतुल्य भारत गु्रप डांस की सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी और सुप्रीम सीनियर सैकेण्डरी स्कूल द्वारा राष्ट्र गान की प्रस्तुति दी जाएगी।