सोमवार देर रात मोटरसाइकिल पर सवार होकर खेत से घर लौट रहे किसान को उसी के गांव के एक व्यक्ति ने तीन गोलियां मार दी। गोली मारने का कारण बाइक से व्यक्ति पर कीचड़ के छींटे पड़ना बताया जा रहा है। घायल को उपचार के लिए पीजीआई रोहतक में दाखिल करवाया गया है। सूचना मिलने पर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलाना थाना प्रभारी रामतीर्थ के अनुसार हथवाला गांव निवासी 45 वर्षीय बिजेंद्र सोमवार देर रात मोटरसाइकिल पर सवार होकर खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव के रामनिवास पर मोटरसाइकिल के कीचड़ के छींटे लग गए। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर रामनिवास ने बिजेंद्र को पिस्टल से तीन गोलियां मार दीं। गोली लगने से बिजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बिजेंद्र को एक गोली कंधे को छूकर निकल गई। वहीं एक गोली बाई ओर पेट में लगी है और एक गोली कमर में लगी है। वहीं बिजेंद्र के परिवार वालों को पता चलाते ही रामनिवास की धुनाई कर दी। हालांकि इसकी शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।
सात-आठ साल पहले बनवाया था रामनिवास ने लाइसेंस
ग्रामीणों के अनुसार रामनिवास सात-आठ साल पहले प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। तभी उसने हथियार का लाइसेंस बनवाकर कोलकाता से पिस्तौल मंगाई थी। फिलहाल रामनिवास खेतीबाड़ी ही करता है।