जींद। नरवाना क्षेत्र के तीन-चार गांव में अभी भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है। पानी की निकासी के लिए मोटर तो लगी हुई हैं लेकिन उनसे खास फर्क नहीं पड़ रहा है। अभी भी खेतों में चार से पांच फीट पानी भरा है। भिखेवाला और फरैण कलां में स्थिति गंभीर है। फरैण कलां में पानी घरों से महज 500 मीटर दूर है। दबलैन, ईस्माइलपुर, फरैण कलां, दनौदा कलां और धरौदी गांव के 2500 एकड़ खेत डूबे हैं।
सितंबर में हुई बारिश ने एक तरफ जहां फसलों को बर्बाद किया। वहीं दूसरी तरफ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल दबलैन, भिखेवाला, धरौदी, ईस्माइलपुर, दनौदा कलां और खुर्द, सच्चाखेड़ा के खेतों में अभी भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
खेतों में जलभराव के कारण नरमा, धान, तिल, बाजरा, ज्वार की फसल बिल्कुल बर्बाद हो चुकी है। वहीं पशुओं के लिए चारे का संकट छा गया है।
निकासी के लिए प्रशासन नहीं गंभीर
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों से पानी निकालने के लिए प्रशासन गंभीर नहीं है। करीब दस दिन पहले प्रशासन ने निकासी के लिए नाला खुदवाया था। इसके अलावा दो जगह मोटर रखवाई गई लेकिन फिर भी पानी की निकासी में तेजी नहीं आई है। निकासी में तेजी लाने के लिए अन्य मोटरों का भी प्रबंध करना पड़ेगा।
पाइप दबाने के लिए उखाड़ा धरौदी रोड
फरैण कलां के लगभग 1700 एकड़ खेलों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इनमें चार-पांच फीट पानी भरा है। इन खेतों में धान, नरमा, बाजरा और ज्वार की बिजाई की हुई थी जो कि अब लगभग खत्म हो चुकी है। अब पानी निकालने के लिए धरौदी रोड को उखाड़ दिया है। अब उसमें पाइप डाली जाएगी और उसके बाद पाइप दबाई जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पाइप दबाने के बाद पानी निकासी में कुछ सुधार हो पाएगा।
मंत्री बेदी के साथ हुई थी बैठक
दस दिन पहले गांव और फसलों को बाढ़ से बचाने के लिए पांच गांवों के लोगों व मंत्री कृष्ण बेदी की विश्राम गृह में बैठक हुई थी। इसमें बिनैण खाप के प्रधान रघुबीर नैन भी शामिल रहे थे। बैठक में फरैण कलां का पानी ड्रेन के माध्यम से धरौदी माइनर में छोड़े जाने पर फैसला हुआ था। उसके बाद ड्रेन के माध्यम से धरौदी माइनर में पानी छोड़ा जा रहा है लेकिन जलभराव की स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है।
वर्जन
प्रशासन ने पानी निकासी के लिए फरैण कलां से रजबाहे तक ड्रेन खोदी गई है जिससे पानी निकाला जा रहा है। इसके अलावा जन स्वास्थ्य विभाग ने दो मोटर लगाई हुई है। जरूरत पड़ी तो और मोटर लगाई जाएगी। -जगदीशचंद्र, एसडीएम, नरवाना
24जेएनडी04-फरैण कलां के खेतों में भरा बाढ़ का पानी। संवाद
24जेएनडी04-फरैण कलां के खेतों में भरा बाढ़ का पानी। संवाद