पोली गांव में सड़क में हो चुके गड्ढों की वजह से मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। जिससे बाइक लेकर गिरने से किसान की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
गांव पोली निवासी रामबीर ने कहा कि उसका भाई नरेश (47) मोटरसाइकिल पर सवार होकर भतीजे के साथ खेत से पानी लेने के लिए जा रहा था। जब वह जींद-रोहतक मार्ग पर पहुंचा तो उसे सड़क पर पड़ा गड्ढा दिखाई नहीं दिया। गड्ढे में जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह बाइक लेकर गिर गया। नरेश के सिर में गंभीर चोट आई। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।