फोटो 2 नरवाना। रक्तदान शिविर में मौजूद आयोजक। स्रोत आयोजक।
नरवाना।श्री 108 श्री महंत मछंदर पुरी महाराज वेलफेयर धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से विशाल स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 500 से अधिक मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया, जबकि रक्तदान शिविर में करीब 100 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में उकलाना मंडी के अस्पताल, सद्भावना अस्पताल, जींद के लाइफलाइन ब्लड बैंक और नरवाना के गोपी आई अस्पताल की चिकित्सा टीमों ने सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह दी। वहीं, रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद में योगदान दिया। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रमन पुरी जी महाराज ने बताया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और मानव सेवा के माध्यम से समाज कल्याण करना है। ट्रस्ट कैथल, हरिद्वार, दिल्ली और दनौदा सहित विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य कर रहा है। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और रक्तदाताओं का आभार जताया।