पहलवान निर्मला बूरा के सर्मथन में आई विधायक विनेश फोगाट
- फोटो : संवाद
हरियाणा स्टेट सीनियर फ्री स्टाइल कुश्ती चैंपियनशिप में विवाद सामने आया। महिला पहलवान और 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता हिसार जिले की खिलाड़ी और हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर निर्मला बूरा को मुकाबले में हिस्सा लेने से रोक दिया गया। अब इस मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। जुलाना से विधायक विनेश फोगाट ने खिलाड़ी के दर्द को समझते हुए निर्मला बूरा के समर्थन में एक्स पर पोस्ट कर पूरे प्रकरण की निंदा की है। उनके समर्थन के बाद मुद्दा अब और गर्मा गया है।
मामला हिसार के गांव उमरा में 4-5 दिसंबर को आयोजित चैंपियनशिप का है जहां निर्मला बूरा वेट-इन और मुकाबले के लिए पहुंचीं लेकिन आयोजकों ने उन्हें एंट्री कार्ड देने से मना कर दिया। हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत निर्मला ने बताया कि वह 2003 से लगातार हरियाणा पुलिस टीम से स्टेट चैंपियनशिप में खेल रही हैं। विभाग ने इस बार भी समय पर उनके सभी कागज भेज दिए थे और ई-मेल से एंट्री की पुष्टि भी कर दी गई थी लेकिन बिना किसी ठोस कारण बताए उन्हें रोक दिया गया।
निर्मला बूरा ने वीडियो में कहा कि यह उनके साथ अन्याय है। 20 साल से ज्यादा समय से वह राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खेल रही हैं। कॉमनवेल्थ में देश का नाम रोशन किया फिर भी ऐसा व्यवहार बेहद दुखद है। उन्होंने हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। बता दें कि इन्होंने कई पदक जीते हैं। बताया जा रहा है कि महिला पहलवान ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया इसलिए पहलवान को स्टेट चैंपियनशिप में खेलने नहीं दिया गया।