नरवाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा के साथ होटल में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बड़नपुर निवासी मोंटी नामक युवक छात्रा को बहला-फुसलाकर बेलरखा गांव के पास स्थित एक होटल में ले गया जहां पहले उसने और बाद में उसके तीन साथियों ने छात्रा से दुष्कर्म किया। शहर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी मोंटी को नामजद कर तीन अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उचाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसकी 20 वर्षीय बेटी शहर के एक शिक्षण संस्थान में एमकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा है। 16 अक्तूबर की सुबह वह कॉलेज पढ़ने गई थी। दोपहर करीब 2 बजे छोटी बेटी ने उससे फोन पर बात की थी तब छात्रा ने बताया था कि वह कॉलेज में है और कुछ देर में घर लौट आएगी लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा।
परिजनों ने शहर थाना पुलिस को गुमशुदगी की शिकायत दी। बाद में छात्रा घर लौटी तो उसने आपबीती बताई। छात्रा के अनुसार, बड़नपुर निवासी मोंटी उसे बहाने से बेलरखा गांव के पास स्थित एक होटल में ले गया जहां पहले उसने और फिर उसके तीन दोस्तों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर छापेमारी जारी है।