15जेएनडी11: मंत्री कृष्ण बेदी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित करते हुए कश्यप समाज के सदस्य। संवाद
नरवाना। एलआईसी रोड स्थित जाट धर्मशाला के सामने आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने रविवार को महर्षि कश्यप राजपूत धर्मशाला का नींव पत्थर रखने के अलावा धर्मशाला में बनने वाले सभागार का शिलान्यास किया।
महर्षि कश्यप धर्मशाला के निर्माण के लिए पहले से 11 लाख रुपये अनुदान मंजूर किया जा चुका है, जबकि धर्मशाला में नवनिर्मित हॉल का निर्माण नगर परिषद के तहत नौ लाख 51 हजार रुपये से करवाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने धर्मशाला निर्माण कमेटी को 21 लाख रुपये अनुदान देने की घोषणा की। बेदी ने कहा कि चौपाल, धर्मशाला व अन्य सार्वजनिक स्थल प्रत्येक समाज के लिए बहु उपयोगी होते हैं।
ऐसे भवनों के निर्माण से संबंधित समाज को वैवाहिक कार्यक्रम व अन्य सार्वजनिक व सामाजिक बैठकों का आयोजन करने की सुविधा मिलती है। वे अन्य निजी भवनों पर निर्भर न होकर सार्वजनिक स्थान पर अपना कार्यक्रम आराम से कर सकते हैं।
इसके बाद उन्होंने कश्यप समाज के शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग चार दर्जन विद्यार्थियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कश्यप राजपूत समाज के ब्लॉक प्रधान रणधीर सिंह, सचिव कृष्ण कुमार, रामफल सिंह, उप प्रधान बलजीत सिंह, सुखराज सिंह कमेटी मेम्बर, कश्मीर, धर्मबीर, अजय मौजूद रहे।