हरियाणा के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए कृत संकल्प होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जो किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रहा है। आज के परिवेश में किसान पैदावार के साथ मार्केटिंग की ओर बढ़ें और खेती की नवीनतम तकनीकों को अपनाएं।
विज्ञापन
प्रदेश में किसानों को बिजली, पानी, खाद की दिक्कत नहीं आने दी जा रही है। यह बात हमेटी में पीएम द्वारा किसान सम्मान निधि योजना की 20 वीं किस्त डालने पर आयोजित जिला स्तरीय किसान सम्मान समारोह कार्यक्रम में कही। किसान सम्मान निधि के तहत पौने चार लाख करोड़ व प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पौने दो लाख करोड़ रुपये केंद्र सरकार की ओर से किसानों के खातों में भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान देश का ताज हैं। किसानों को चाहिए कि कृषि के साथ-साथ अन्य वैकल्पिक व्यापार भी करें, ताकि उन्हें अतिरिक्त आमदनी हो सके।
पराली जलाने की घटनाओं में आई कमी : डीसी
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से किसानों के साथ है। हरियाणा का कल्चर एग्रीकल्चर है। जिला में पराली प्रबंधन की दिशा में किसानों ने सकारात्मक सहयोग दिया जिसके कारण पराली जलाने की घटनाओं में 50 प्रतिशत की कमी आई। इसमें और सुधार प्रशासन और किसान मिलकर करें ताकि जींद जिला जीरो बर्निंग के लक्ष्य को प्राप्त कर सके।