जींद। रोहतक रोड की करीब 35 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर युवती दो दिन पहले लापता हो गई था जो मंगलवार को रोहतक रोड स्थित अनाथ आश्रम में मिली है। परिजनों ने आश्रम प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुई आश्रम में हंगामा किया। बाद में यहां डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची।
युवती के लापता होने के बाद परिजन तलाश करते हुए आश्रम पहुंचे लेकिन प्रबंधन ने कहा कि लड़की यहां पर नहीं है। देर रात तक जब लड़की नहीं मिली तो परिजन अपने घर चले गए और अगले दिन सुबह फिर से लड़की की तलाश शुरू की गई।
सीसीटीवी खंगालते हुए परिजन दोबारा से आश्रम पहुंचे तो फिर से उन्हें यही जवाब मिला कि लड़की यहां नहीं है लेकिन जब किसी ने कहा कि वह पुलिस से है तो आश्रम के संचालकों ने लड़की के वहां होने की बात को स्वीकार कर ली। फिर परिजनों ने इस पर वहां हंगामा कर दिया।
लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लड़की को परिजनों के साथ भेज दिया और उन्हें शिकायत देने को कहा। बुधवार सुबह लड़की के परिजन रोहतक रोड पुलिस चौकी पहुंचे और इस मामले में शिकायत दी। रोहतक रोड पुलिस चौकी के इंचार्ज जसबीर सिंह ने बताया कि लड़की के परिजनों ने आश्रम प्रबंधकों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।