उचाना। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में तेज बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों के मुआवजे के लिए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया और मांगों से संबंधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
संयुक्त किसान मोर्चा के आजाद पालवां ने कहा कि सरकार किसानो को पंजीकरण और पोर्टल में न उलझाकर स्पेशल गिरदावरी करवाकर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा काश्तकार के खाते में डाले। जन संघर्ष मंच हरियाणा ने भी किसानो का समर्थन किया। संयुक्त किसान मोर्चा ने अपील की 13 मार्च को सुबह पक्का मोर्चा उचाना से दिल्ली के लिए पैदल यात्रा कूच किया जाएगा। सभी किसान मजदूरों से आह्वान किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर पैदल कूच में भाग लें और 14 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान मजदूरों की महापंचायत में बड़ा निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर आजाद पालवा, सुनील कुंडू, मास्टर उदयवीर नेहरा, वीरेंद्र उचाना, जयप्रकाश खटकड़, महिपाल, सतवीर जेई, सुरेश बडनपुर, जोगेंद्र पूर्व संरपच, भीरा करसिंधु मौजूद थे।