संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नरवाना क्षेत्र के गांव धमतान साहिब में बिजली निगम के लाइनमैन और उसके सहायक की लापरवाही के कारण 20 वर्षीय मनजीत की करंट लगने से मौत हो गई। परजिनों का आरोप है कि मनजीत को सुरक्षा का झूठा भरोसा देकर बिजली के पोल पर चढ़ाया था। इसके बाद वह करंट की चपेट में आ गया। मामले में एसपी जींद के आदेश पर लाइनमैन नरेश चोपड़ा और सहायक सुनील उर्फ सीना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। धमतान साहिब निवासी ज्ञानी राम ने एफआईआर में बताया कि लाइनमैन नरेश चोपड़ा ने उनके बेटे मनजीत और सुनील उर्फ सीना को बिजली ठीक करने के काम पर लगाया था। 20 मई की सुबह गांव की बिजली खराब होने पर लाइनमैन के निर्देश पर सुनील और मनजीत ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे।
सुनील ने मनजीत को यह आश्वासन दिया कि उसने पीछे से बिजली बंद करवा दी है और उसे खंभे पर चढ़कर फॉल्ट ठीक करने को कहा। जैसे ही मनजीत पोल पर चढ़ा, सुनील बिना बताए वहां से चला गया। इसी दौरान मनजीत को करंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया।
उसे तुरंत हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की वीडियो फुटेज उपलब्ध है। हादसे के तुरंत बाद आरोपियों ने मनजीत के फोन पर कॉल भी की थी।
बेटे की मौत के कारण ज्ञानी राम तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा पाए थे। जांच अधिकारी एएसआई संजय कुमार की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।