30 बहन की हत्या के आरोपी भाई को घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट करने के लिए लेकर जाती सब्जी मंडी थाना
रोहतक। माता दरवाजा के नजदीक ब्यूटी पार्लर संचालिका माया की हत्या के आरोपी ज्वाला प्रसाद उर्फ लाला को लेकर पुलिस की टीम रविवार दोपहर बाद घटनास्थल पर पहुंची और पूरी वारदात के सीन रीक्रिएट किए। प्रक्रिया के दौरान ज्वाला प्रसाद के चेहरे पर किसी तरह का अफसोस नजर नहीं आया। रिमांड पूरी होने के बाद सोमवार को पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करेगी।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बहन माया की शादी लुधियाना के युवक से हुई थी। परिजनों को बताए बगैर उसने तलाक ले लिया। साथ ही अब एक युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी। इस कारण परिवार की बदनामी हो रही थी।
25 दिसंबर को वह माया के माता दरवाजा चौक स्थित ब्यूटीपार्लर पर पहुंचा। वहां पर माया के साथ युवक के साथ रहने को लेकर कहासुनी हुई। ज्वाला प्रसाद ने माया का पहले गला दबा दिया। इससे वह अचेत हो गई। अगले ही पल जैसे उसे सिसक आई तो चाकू निकाला और गला काट दिया।
माया की सहयोगी लक्ष्मी यह देखकर बेहोश हो गई। रविवार दोपहर बाद सब्जी मंडी थाने की महिला एसआई मीनाक्षी दहिया आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। आरोपी ने बताया कि कैसे वह पार्लर पर पहुंचा और वारदात को अंजाम देकर भाग गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई।
वर्जन
आरोपी से पुलिस वारदात में प्रयोग चाकू बरामद कर चुकी है। साथ ही रविवार को घटना का सीन रीक्रिएट कराया गया। तीन दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
मीनाक्षी दहिया, एसआई थाना पुरानी सब्जी मंडी