फोटो 4 नरवाना। देवभूमि कालवन गणित प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए बच्चे। संवाद।
कालवन। गांव कालवन में रविवार को देवभूमि कालवन गणित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गांव के 52 बच्चों ने हिस्सा लेकर गणित विषय में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन निजी स्कूल के अध्यापक सुखविंदर के नेतृत्व में किया गया। परीक्षा सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई और दोपहर एक बजे तक चली। इसे बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर तीन घंटे में आयोजित किया गया।
प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजक अध्यापक सुखविंदर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को बोर्ड परीक्षाओं के माहौल से परिचित कराने के साथ परीक्षा के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और गणित विषय में उनकी समझ व प्रतिभा को परखना है। इस बार केवल कालवन गांव के बच्चों को प्रतियोगिता में शामिल किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का परिणाम 15 अगस्त को घोषित किया जाएगा। इसी दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा। भविष्य में आसपास के गांवों के बच्चों को शामिल कर एक और प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है।
प्रतियोगिता के आयोजन में सरपंच कविता रानी, प्रतिनिधि कुलदीप, वरदान नैन, नटवर, मास्टर अनिल, मास्टर दिनेश, सचिन वर्मा, धर्मपाल मास्टर, राकेश शर्मा, मास्टर सुभाष, रीटा देवी सहित ग्रामीणों ने सहयोग किया।