फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: एलपीजी से भरे टैंकर में लगी भीषण आग, 15 दमकल गाड़ियों ने पांच घंटे में पाया काबू...गैस चोरी की आशंका

विज्ञापन
फोटो 21जेएनडी18-एचपी प्लांट के पास गैस टैंकर में लगी हुई आग। स्रोत वीडियो ग्रैप
विज्ञापन
जींद। रोहतक रोड स्थित एचपी गैस प्लांट के पास शुक्रवार देर रात 11:33 बजे एलपीजी से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई। टैंकर से उठती 30 फीट ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर बिशनपुरा और किशनपुरा गांव के लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपने परिवार और पशुओं को लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
विज्ञापन


सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वहीं एक किलोमीटर तक आने-जाने का रास्ता भी बंद कर दिया गया। गनीमत रही कि आग की लपटें नजदीक स्थित एचपी गैस प्लांट तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात पंजाब से गैस टैंकर शहर के एचपी प्लांट में आ रहा था। चालक जम्मू कश्मीर निवासी राजू ने टैंकर को एचपी गैस प्लांट से 500 मीटर दूर पेट्रोल पंप पर खड़ा कर दिया। इसके आधा घंटा बाद टैंकर में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मिलकर आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाली और आग को फैलने से रोका।
विज्ञापन


गैस चोरी के प्रयास के दौरान आग लगने की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि टैंकर से गैस चोरी करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान बरती गई लापरवाही के कारण आग लग गई। हालांकि अभी तक आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि टैंकर में आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे क्या वजह रही। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रही।

टैंकरों से चोरी-छिपे भरी जाती है कमर्शियल सिलिंडरों में गैस
एचपी प्लांट में बाहर से आने वाले टैंकरों से गैस चोरी करने के मामले कई बार आ चुके हैं। पिछले दिनों बेलरखा गांव के पास स्थित एक होटल पर भी टैंकर से चालक गैस चोरी कर बेचते पकड़े गए थे। इस पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। चालक टैंकरों से गैस निकालकर होटलों पर कमर्शियल सिलिंडर भरते हैं और उन्हें कम दामों पर होटल संचालकों को बेच देते हैं। गैस भरते समय वह खुद और आसपास के लोगों की जान को भी जोखिम में डाल देते हैं।

पुलिस को शिकायत देकर की जांच की मांग
रोहतक रोड पर एचपी गैस प्लांट के पास एलपीजी से भरे टैंकर में आग लगने के मामले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने साजिश और गैस चोरी की आशंका जताई है। एलपीजी चीफ रीजनल मैनेजर रोहित ब्रह्मदेव शर्मा ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर टैंकर के ट्रांसपोर्टर, मालिक, चालक और अन्य संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि टैंकर नंबर एचआर 65 A 6064 में भरी एलपीजी को 20 नवंबर को दोपहर 3:27 बजे बठिंडा स्थित एचपीसीएल प्लांट से जींद पहुंचाने के लिए लोड किया गया था। टैंकर रात करीब 11:33 बजे रोहतक रोड पर जींद एलपीजी प्लांट के पास आग की चपेट में आ गया। शिकायत में बताया कि टैंकर निर्धारित और अधिकृत ठहराव स्थल के बजाय दूसरी जगह रुका हुआ था। इससे आशंका है कि भरे हुए टैंकर से अनधिकृत तरीके से एलपीजी निकालने या दूसरी जगह स्थानांतरित करने का प्रयास किया गया हो।

वर्जन
एचपी प्लांट की तरफ से शिकायत मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दमकल विभाग के साथ आग बुझाने में सहयोग किया था। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। - मनीष कुमार, थाना प्रभारी, सदर थाना, जींद
विज्ञापन

फोटो 21जेएनडी18-एचपी प्लांट के पास गैस टैंकर में लगी हुई आग। स्रोत वीडियो ग्रैप

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें