संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। शहर में मजदूरी कर बाइक से घर जा रहे चिनाई मिस्त्री (राजमिस्त्री) की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी बाइक अमरहेड़ी गांव के पास सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। मृतक की पहचान कंडेला निवासी राममेहर (56) के तौर पर हुई है। सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से ट्रक खड़ा करने का मामला दर्ज किया है।
कंडेला निवासी राममेहर राजमिस्त्री था। वह बाइक पर गांव से शहर में मजदूरी करने आता था। शनिवार शाम को भी वह मजदूरी कर बाइक पर गांव जाने के लिए चला था। जब वह अमरहेड़ी गांव स्थित गुरुद्वारा के पास पहुंचा तो वहां सड़क पर एक ट्रक खड़ा था, जिसके रिफलेक्टर भी नहीं जल रहे थे। इस पर सामने से आ रहे वाहनों की लाइट लगने के कारण ट्रक दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक की टक्कर खड़े ट्रक से हो गई। टक्कर होते ही वह सड़क के किनारे जा गिरा। राहगीरों ने तुरंत उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी कमलदीप ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से सडक़ किनारे वाहन खड़ा करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।