जींद। किसानों व सामाजिक मुद्दों पर लंबे समय से चल रहे आंदोलन को लेकर विचार-विमर्श करने के लिए किसान मजदूर यूनियन व सर्वजातीय खाप पंचायत की सोमवार को यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष टेकराम कंडेला के नेतृत्व में कंडेला गांव स्थित यूनियन के राष्ट्रीय कार्यालय में बैठक हुई।
टेकराम कंडेला ने कहा कि फसलों पर एमएसपी दिलवाना, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करवाना, एक गांव एक गोत्र में शादी पर रोक लगाना, लिव एंड रिलेशनशिप को खत्म करना, युवाओं को नशे से दूर रखने के मुद्दे पर चर्चा करने के अलावा प्रधानमंत्री सम्मान किसान निधि में बढ़ोतरी करवाना, प्राकृतिक खेती व मोटी फसलों पर लाभकारी मूल्य दिलवाने पर विचार किया गया। इन सभी मुद्दों से केंद्र और राज्य सरकार को अवगत करवाया जाएगा।
टेकराम कंडेला ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की कि जिन किसानों ने अपनी सिक्योरिटी को बढ़वाया है, उनके हिसाब से ट्रांसफार्मर रखे जाएं। जिस भी मकान के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हैं उनको हटवाया जाए। जिस ट्यूबवेल का पानी कृषि योग्य नहीं है उसकी जगह दूसरा लगवाने के लिए किसान आवेदन करते हैं तो बिजली विभाग ज्यादा एस्टीमेट बना रहा है, जिसे किसान वहन करने में सक्षम नहीं हैं। इसमें रियायत दी जाय।
जनकल्याण मंच की प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करते हुए उन्होंने कहा कि एक माह में प्रदेश के सभी जिलों में संपर्क करके मेहनती व संघर्षशील व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा। 15 अगस्त के बाद सर्व खाप व जनकल्याण मंच व किसान यूनियन महासम्मेलन राष्ट्रीय मुख्यालय कंडेला में बुलाया जाएगा।
इस अवसर पर धर्मपाल खटकड़, नरसी शर्मा, जगदीश खटकड़, विनोद सरपंच, जगबीर सरपंच, रघुवीर अहिरका, पंचायती प्रकोष्ठ अध्यक्ष अभेराम कंडेला, जिलाध्यक्ष मनजीत जांगड़ा, डाॅ. गुरदीप मौजूद रहे। ो