जींद। पोंकर खेड़ी गांव की बहू मनप्रीत ढुल ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित गोल्ड कोस्ट स्टूडेंट एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026 में एक्सीलेंस इन रिसर्च श्रेणी के तहत फाइनलिस्ट चुना गया है। वह ऑस्ट्रेलिया की ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी में हाइड्रोलॉजी एवं वाटर रिसोर्सेज विषय में पीएचडी कर रही हैं।
मनप्रीत की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने खेल के मैदान से अंतरराष्ट्रीय शोध जगत तक अपनी पहचान बनाई है। वह जूडो की उत्कृष्ट खिलाड़ी रही हैं और हरियाणा में विश्वविद्यालय स्तर पर लगातार चैंपियन रह चुकी हैं।
खेलों में अपनी प्रतिभा साबित करने के बाद उन्होंने शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का फैसला किया। वर्ष 2023 में करीब दो करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप हासिल कर वह पीएचडी करने ऑस्ट्रेलिया गई थीं। अपनी मेहनत और शोध क्षमता के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। मनप्रीत के पति अमित ढुल भी जूडो के प्रतिष्ठित खिलाड़ी रहे हैं। वह हिंद केसरी का खिताब जीत चुके हैं और वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया जूडो टीम के हेड कोच हैं। संवाद