गांव खेड़ी तलौड़ा में रुपये के लेन-देन को लेकर हुई एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और एक सुसाइड नोट का जिक्र किया है, जो मृतक की बेटी से लिखवाया गया था। परिजनों ने इस आधार पर कार्रवाई की मांग करते हुए शव को उठाने से इनकार कर दिया था। बाद में पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी के आश्वासन पर परिजन शव उठाने को सहमत हुए।
ये है मामला
22 जून 2025 को खेड़ी तलौड़ा निवासी विनोद को जहर के प्रभाव के कारण नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक की पत्नी बाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति ने गांव जामनी निवासी नसीब से एक लाख रुपये में भैंस खरीदी थी, जिसमें से 60 हजार रुपये का भुगतान हो चुका था, जबकि 40 हजार रुपये बकाया थे। बाला ने आरोप लगाया कि नसीब इस राशि को लेकर विनोद को लगातार प्रताड़ित कर रहा था और उसने विनोद की ट्रॉली भी अपने कब्जे में ले ली थी। इससे परेशान होकर विनोद ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई।