31जेएनडी14-नागरिक अस्पताल में पहुंचे रामनिवास के परिजन। संवाद
जींद। अलेवा खंड के गांव थुआ में रविवार को मकान के सामने निर्माण सामग्री डालने को लेकर हुए विवाद में ईंट मारकर 55 वर्षीय रामनिवास की हत्या कर दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।
गांव निवासी रामनिवास और उनके पड़ोसी साधुराम के परिवार के बीच निर्माण सामग्री डालने को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान साधुराम पक्ष के लोगों ने ईंटों और डंडों से रामनिवास पर हमला कर दिया।
जब उनकी पत्नी कविता, बेटा आशू, ताऊ का बेटा बलजीत बीच बचाव करने पहुंचे तो उन पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। चोट लगने से रामनिवास बेसुध हो गए। परिजनों ने उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रामनिवास के भाई बलजीत ने बताया कि आरोपी साधुराम अपने मकान पर निर्माण कर रहा है। इसकी सामग्री उसने रामिनवास के मकान के सामने डाल दी। इस कारण रास्ता बाधित हो गया और उठने वाली धूल रामनिवास के घर में जाने लगी।
इसका भाई रामनिवास ने विरोध किया तो आरोपी भाई से उलझ गए और मारपीट करने लगे। विवाद में संवेदनशील अंग पर चोट लगने के कारण उनके भाई की मौत हो गई। जबकि उनके समेत परिवार के तीन सदस्यों को हल्की चोटें आईं।
वर्जन
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-आत्मा राम, प्रभारी, पुलिस थाना अलेवा