जींद। बतख चौक से 13 अक्तूबर को पांच लोगों ने एक व्यक्ति का अपहरण कर उसके ही घर में बंधक बनाकर रात भर पीटा। इस दौरान आरोपियों ने उसकी दो महिलाओं के साथ वीडियो बनाई और वायरल करने की धमकी दी। हनीट्रैप में फंसाने का डर दिखाकर आरोपियों ने उससे 20 लाख रुपये मांगे, जिसमें से दो लाख वसूल भी कर लिए। बाद में पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज कर जांच शुरू की। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर वीरवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार शहर के सेक्टर छह निवासी कर्मबीर ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खादी ग्रामोद्योग कार्यालय में इंचार्ज है। उसके बच्चे विदेश में पढ़ाई करने गए हैं, वह मकान में अकेला रहता है। 13 अक्तूबर शाम को वह बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए बत्तख चौक स्थित पंप पर गया था। इस दौरान रोहतक के एक गांव निवासी महिला, अलेवा गांव का रविंद्र, बिंद्र उर्फ फौजी समेत पांच लोग आए और कार में उसका अपहरण कर उसके ही मकान में ले गए। यहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि दो महिलाओं के साथ उसकी वीडियो बनाई और वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपये मांगे। इसके बाद उसने रात को दोस्तों से फोन कर 35 हजार रुपये मंगवाए। इसके बाद सुबह आरोपी उसको साथ बैंक गए और दो लाख रुपये निकलवाए।
सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया ब्लैकमेलिंग के मामले में अलेवा निवासी रविंद्र उर्फ फौजी, पिल्लूखेड़ा निवासी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत ने उन लोगों को एक लाख 65 हजार रुपए दिए हैं, जो बैंक की सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है। 35 हजार रुपये अपने रिश्तेदार से लेकर दिए हैं। पुलिस ने इस मामले में को गिरफ्तार किए लोगों से 62 हजार रुपये की नकदी बरामद भी की है और दोनों आरोपियों को अदालत के आदेश पर जेेल भेज दिया है।