फोटो 21जेएनडी06-पुलिस गिरफ्त में फर्जी तरीके से धोखाधड़ी करने का आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। फेसबुक पर रिश्तेदार बनकर साइबर ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पंजाब के मोगा जिले के गांव भिंडर कलां निवासी जशनदीप सिंह उर्फ जस्सा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी पर अलेवा निवासी सतीश कुमार से 6 लाख 6 हजार रुपये ठगने का आरोप है।
सतीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि फेसबुक मैसेंजर पर एक व्यक्ति ने उनके रिश्तेदार के नाम से संपर्क किया और बैंक खाते में रुपये भेजने की बात कही। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने ट्रैवल एजेंसी का एजेंट बनकर फोन किया। उसने बताया कि उनका रिश्तेदार ऑस्ट्रेलिया में पकड़ा गया है और उनका वीजा खराब हो सकता है। इस बात का डर दिखाकर आरोपियों ने अलग-अलग क्यूआर कोड भेजे और उनके माध्यम से विभिन्न बैंक खातों व यूपीआई से कुल 6 लाख 6 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
साइबर क्राइम थाना में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि ठगी में इस्तेमाल बैंक खाते का संचालन जशनदीप सिंह कर रहा था। थाना प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ठगी की बाकी रकम और अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।