फोटो 16जेएनडी04-विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते एसडीएम पुलकित मल्होत्र
जींद। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक अच्छी पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है।
एसडीएम ने आयोजित बैठक में पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे गांव-गांव में मुनादी करवाकर लोगों को एसआईआर अभियान के बारे में जागरूक करें। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक तक इस अभियान की जानकारी पहुंचनी चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक पात्र नागरिक का यह कर्तव्य भी है कि वह अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज करवाए। यदि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उसमें कोई त्रुटि है, तो नया मतदाता पंजीकरण या संशोधन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्रस्तुत करके कराया जा सकता है।
प्रशासन का प्रयास है कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन रहे। इसके लिए पंचायत विभाग, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। गांवों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान का लाभ उठा सकें।
आमजन से आह्वान किया गया कि वे एसआईआर अभियान को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें तथा अपने परिवार, पड़ोस और गांव के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में होना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर निर्वाचन कानूनगो नरेश कुमार, सफीदों के तहसीलदार राजेश गर्ग तथा एमसी सचिव आशीष स्वामी मौजूद रहे।