08जेएनडी01: सफीदों में एसडीएम पुलकित मल्होत्रा योग दिवस की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारिय
सफीदों। लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सोमवार को कहा कि 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।
उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन नई अनाज मंडी, सफीदों में सुबह छह से आठ बजे तक होगा। कार्यक्रम से पूर्व 11 से 13 जून तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की रिहर्सल करवाई जाएगी जबकि 20 जून को अंतिम रिहर्सल आयोजित होगी।
एसडीएम ने कहा कि आयोजन स्थल पर बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। जन स्वास्थ्य विभाग पेयजल और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था करेगा जबकि नगर पालिका साफ-सफाई और वीआईपी शौचालयों का प्रबंध करेगी।
एसएमओ कार्यालय की ओर से एंबुलेंस तथा खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया जाएगा। वाहनों की पार्किंग व्यवस्था पुलिस विभाग संभालेगा।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही आयुष वेलनेस सेंटरों, योग समितियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा आम नागरिकों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करने को कहा।
एसडीएम ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आयुष विभाग ने ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल और टोल-फ्री सुविधा उपलब्ध करवाई है।