जींद। नरवाना क्षेत्र के एक गांव में डेरे में पूजा करने गई आठ वर्षीय बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी डेरे के महंत आगरा की श्याम कॉलोनी निवासी राजकुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महंत को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है।
एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने 16 जून को सदर थाना नरवाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके मकान के नजदीक डेरा बना हुआ है। डेरे में दो माह से श्याम कॉलोनी, जिला आगरा, यूपी का रहने वाला राजकुमार महंत रहता है। डेरे में बने मंदिर में शाम के समय भजन होता है। इसमें शामिल होने के लिए महिलाएं और लड़कियां जाती हैं। रविवार शाम को जब उनकी आठ वर्षीय बेटी आरती में शामिल होने के लिए गई तो महंत राजकुमार ने उसके साथ अश्लील हरकत की। इस दौरान आरती में शामिल उसकी बड़ी बेटी ने ऐसा करते हुए देख लिया था। उसने घर आकर पूरी जानकारी दी। नरवाना सदर थाना की जांच अधिकारी एसआई निर्मला ने बताया कि महंत को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।