जींद। काब्रच्छा गांव में चचेरे भाई के दस्तावेजों का फर्जी तरीके से दुरूपयोग कर पासपोर्ट बनवाने व पासपोर्ट पर लगभग एक साल तक विदेश में रहने के आरोपी प्रदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में 22 नवंबर 2023 को काब्रच्छा गांव निवासी दिनेश ने बताया कि वह विदेश में घूमने की इच्छा से पॉसपोर्ट बनवाना चाहता था। इसके लिए उन्होंने पासपोर्ट अप्लाई किया तो थाना उचाना में पासपोर्ट की तस्दीक हो गई थी। इसके बाद उसको जयपुर पासपोर्ट कार्यालय में बुलाया गया। जब वह जयपुर में गया तो पासपोर्ट विभाग के कर्मचारियों ने उसके दस्तावेजों की जांच कर बताया कि आपका पासपोर्ट पहले ही बना हुआ है, जबकि उन्होंने पासपोर्ट नहीं बनवाया था। जब उन्होंने कंप्युटर में पासपोर्ट पर लगी फ ोटो दिखाई तो वह उसके ताउ के लडक़े प्रदीप की थी और पासपोर्ट दिनेश के नाम पता से बना हुआ था। उनका परिवार एक साथ रहता था। इसके कारण प्रदीप ने उसके दस्तावेजों का दुरूपयोग कर खुद का पासपोर्ट बनवा लिया। इस पासपोर्ट पर आरोपी लगभग एक वर्ष तक विदेश में भी रहकर आया। इस मामले में उचाना थाना के जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।