सोनीपत। साइबर ठग लगातार लोगों की जेब खाली कर रहे हैं। कहीं घर बैठे काम और विदेशी कंपनी में मोटी तनख्वाह का लालच दिया जा रहा है तो कहीं विदेश में रह रहे बेटे की बीमारी का हवाला देकर परिजनों से पैसे ऐंठे जा रहे हैं। ठगों ने एक महिला को वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 1,22, 892 रुपये का चूना लगा दिया, जबकि दूसरे मामले में कनाडा में रह रहे बेटे का दोस्त बनकर एक व्यक्ति से 2.48 लाख रुपये ठग लिये।
विदेशी कंपनी में नौकरी और डॉलर में वेतन का दिया झांसा
नरेंद्र नगर निवासी उर्वशी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि 24 अक्तूबर को उन्होंने फेसबुक पर घर बैठे काम करने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उनकी बातचीत सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला से हुई। उन्होंने खुद को माइलस्टोन टेक्नोलॉजीज कंपनी से जुड़ा बताया और तीन दिन में 120 पेज एडिट करने के बदले 2376 अमेरिकी डॉलर देने का ऑफर दिया। उर्वशी ने बताए गए निर्देशों के अनुसार काम पूरा कर ईमेल कर दिया। काम पूरा होने के बाद ठगों ने पेमेंट जारी करने के लिए फ्रीलांसर कार्ड बनवाने के नाम पर चार हजार रुपये मांगे। विदेशी भुगतान के लिए आईएमएफ, स्विफ्ट कोड और अप्रूवल चार्ज के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम जमा करवाई। उर्वशी से 1, 22, 892 रुपये ट्रांसफर करवाए गए। इसके बाद ठगों ने एक लाख रुपये और वायर ट्रांसफर फीस के नाम पर मांगे। उसके बाद मामले से पुलिस को अवगत कराया।
बेटे की बीमारी का हवाला देकर पिता से ठगे 2.48 लाख
गांव फाजिलपुर निवासी सुखबीर सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि 27 अक्तूबर को उनके पास व्हाट्सएप कॉल आया। उसने खुद को कनाडा में रह रहे उनके बेटे प्रवीन का दोस्त सुमित शर्मा बताया। आरोपी ने कहा कि उनका बेटा बीमार है और इलाज के लिए तत्काल डेढ़ लाख रुपये की जरूरत है। बेटे की बीमारी की बात सुनकर सुखबीर सिंह ने बताए गए बैंक खाते में डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
दोबारा पैसे मांगे तो बेटे से किया संपर्क, खुली ठगी की पोल
सुखबीर सिंह ने आरोप लगाया कि रकम मिलने के बाद ठगों ने दोबारा एक लाख और फिर दो लाख रुपये की मांग की। संदेह होने पर सुखबीर सिंह ने कनाडा में रह रहे अपने बेटे से संपर्क किया तो उसने खुद को पूरी तरह ठीक बताया और किसी तरह की आर्थिक मदद मांगने से इंकार कर दिया। इसके बाद बेटे के दोस्त से भी संपर्क किया गया तो उसने आरोपी से किसी भी तरह का संबंध होने से इंकार कर दिया। जांच-पड़ताल के बाद सुखबीर सिंह को साइबर ठगी का पता चला। ठगों ने उनसे 2.48 लाख रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से ट्रांसफर करवाए थे।
साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें यह सावधानियां
साइबर थाना प्रभारी पवन ने बताया कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले अनजान नौकरी के ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और पहचान की जांच करें। रजिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी, फ्रीलांसर कार्ड या पेमेंट रिलीज करने के नाम पर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहें। विदेशी भुगतान के नाम पर झांसे में न आएं, परिजनों की पहचान की पुष्टि करें।