शहर के नगर परिषद रोड पर मंगलवार सुबह तीन बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप के मुनीम को गोली मारकर सवा चार लाख रुपये लूट लिया। बाजार में पिस्तौल लहराते हुए बदमाश फरार हो गए। गोली लगने से घायल मुनीम को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
जहां पर चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात देखते हुए जींद सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल मेें भर्ती कराया। घटना की सूचना पाकर एसएसपी राकेश कुमार आर्य तथा एएसपी वसीम अकरम मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, लूटपाट, शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गांव धमतान निवासी सतबीर सिंह पुरानी अनाज मंडी तेलू बड़नपुर वाले का पेट्रोल पंप व आढ़त की दुकान पर मुनीम है। मंगलवार को मुनीम सतबीर पुरानी मड़ी से चार लाख 20 हजार रुपये की राशि लेकर पैदल ही एक्सिस बैंक में जमा कराने के लिए निकला था। जब वह नगर परिषद रोड पर अग्रवाल क्लीनिक के निकट पहुंचा तो वहां पहले से खड़े दो युवकों ने उससे रुपये से भरे हुए बैग को छीनने का प्रयास किया, लेकिन मुनीम सतबीर ने रुपयों से भरे थैले को नहीं छोड़ा। तभी एक बदमाश ने मुनीम की टांग में पर गोली मार दी।
इसके बाद भी बैग न छोड़ने पर बदमाशों ने दूसरी गोली दाग दी। गोली मुनीम के पेट के पास जा लगी और सतबीर जमीन पर गिर गया। मौका पाकर बदमाश पैसों से भरे बैग को लेकर पहले से स्टार्ट बाइक पर खड़े तीसरे बदमाश के साथ असलाह लहराते हुए फरार हो गए।
गोली लगने से घायल मुनीम सतबीर को आसपास के लोगों ने उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से उसे जींद के सामान्य अस्पताल में रेफर कर दिया। बाद में जींद के नागरिक अस्पताल के बाद परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में ले गए। पुलिस ने सतबीर के बयान दर्ज करके अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, लूटपाट तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
सर्जन नहीं होने के चलते किया रेफर
गोली लगने से घायल हुए मुनीम सतबीर को नरवाना के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर स्वास्थ्य कर्मचारियों ने यह कहकर जींद रेफर कर दिया कि यहां पर कोई सर्जन तैनात नहीं है और उनके सीने में लगी गोली को सर्जन ही निकाल सकता है। इसके बाद उन्हें जींद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों की टीम के साथ सर्जन ने सतबीर के सीने से एक गोली को निकाल दिया और उनके एक्सरे करवाकर बाद में पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया। लेकिन परिजन पीजीआई रोहतक के बजाए हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया दिया।
एसएसपी व्यापारियों से मिले
गोली व लूटपाट की सूचना पाकर एसएसपी राकेश कुमार आर्य नरवाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। मौके का मुआयना किया और पुलिस अधिकारियों से संभावित बदमाशों की गतिविधियों पर चर्चा की। बाद में आढ़तियों और मुनीमों एक शिष्टमंडल एसएसपी से मिला और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। आढ़तियों ने कहा कि सरेआम बाजार में इस तरह की घटना वाकई में चिंता का विषय है। एसएसपी राकेश कुमार आर्य ने बताया कि इस तरह की घटनाएं चिंतनीय है, लेकिन पुलिस मामले को अति गंभीरता से ले रही है।
मंडी में आढ़त व बाजार में दुकानें रहीं बंद
सरेआम लूट की घटना से भयभीत आढ़तियों और बाजार में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद करके इस घटना पर रोष व्यक्त किया। फूड ग्रेम डीलर एसोसिएशन के प्रधान नरेशचंद, सचिव सज्जन सिंगला, पूर्व प्रधान जियालाल गोयल, सतपाल मोर सहित कई दुकानदारों ने बदमाशों के इस तरह हौसले बढ़ जाने पर व्यापार के लिए घातक बताया।
बदमाशों की गिरफ्तारी तक काम बंद
एसएसपी राकेश कुमार आर्य ने मंडी के आढ़तियों व मुनीमों को दो दिन में बदमाशों को काबू करने आश्वासन दिया। मंडी के मुनीमों ने कहा कि अगर प्रशासन ने दो दिन में बदमाशों को नहीं पकड़ा तो मुनीम विरोध प्रदर्शन शुरू कर देंगे। घटना को लेकर मंडी के सभी मुनीमों में भारी रोष है। मुनीमों ने कहा कि जब तक बदमाश गिरफ्तार नहीं होते कार्य पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
मुनीम सतबीर एक्सिस बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहा था। तभी बदमाशों ने गोली मारकर चार लाख बीस हजार रुपये लूटे लिए। पुलिस ने नाकाबंदी कर लुटेरों को ढूंढने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके लिए चार टीमों का गठन किया गया है। जो बदमाशों का सुराग लगाने में लगी हैं।
- वसीम अकरम, एएसपी जींद
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगाला
पुलिस ने लुटेरों का सुराग लगाने के लिए सर्च अभियान चलाया। इस दौरान सरेबाजार में लूटपाट होने पर पुलिस ने आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालकर उनका सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।