पिल्लूखेड़ा। गांव रजाना खुर्द के नवनिर्वाचित सरपंच सुरेश कुमार और भाजपा के वरिष्ठ नेता जसमेर रजाना ने वीरवार को गांव के राजकीय स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा उप स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र पर ताला बंद मिला। सरपंच ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की है।
नरीक्षण के दौरान गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लगा मिला। संपर्क साधने पर उप स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एमपीएचडब्ल्यू प्रदीप ने बताया कि वह गांव रजाना कलां में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गया हुआ है जबकि आंगनबाड़ी केंद्रों तथा स्कूल में कार्य संतोषजनक चलता पाया गया। उपस्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका मिलने पर उन्होंने अधिकारियों से बात की।
सरपंच सुरेश कुमार ने बताया कि उनका उद्देश्य गांव के विकास कार्यों के साथ-साथ सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं तथा योजनाओं का लाभ गांव के लोगों तक पहुंचाने का है। गांव में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले, स्कूल में शिक्षा का संचालन अच्छे तरीके से हो, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पोष्टिक आहार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण जरूरी हैं। उनके साथ गांव के नंबरदार बादल सिंह भी मौजूद रहे।