जींद। बाजार खुलने के बाद शहर में सोशल डिस्टेंस की जमकर धज्जियां उड़ रही हैं। इसकी तरफ जिला प्रशासन का बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। लॉकडाउन में दुकानें खुलने के बाद सोशल डिस्टेंसिंग की तरफ न तो दुकानदारों का ध्यान है और न ही प्रशासन का। सोमवार को शहर में बैंकों के बाहर जमकर भीड़ लगी रही। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करवाने के लिए कोई भी पुलिस कर्मी या फिर प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं थे। बाजारों में भी एक दुकान पर एक साथ कई-कई उपभोक्ता बैठकर खरीददारी करते नजर आए तो वहीं बाजार की गलियों में वाहनों का आवागमन ज्यादा रहा। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी एसके चौहान ने कहा कि शहर में लॉकडाउन की पूरी तरह से पालना करवाने के लिए प्रशासन गंभीर है। अगर इसके बावजूद भी कोई व्यक्ति उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।