जींद। तलवारबाज लिवजोत ने हरियाणा स्टेट गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने तलवारबाजी खेल प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग की एकल प्रतियोगिता में रजत पदक और टीम प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त किया।
इसके साथ ही हरियाणा स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप 2025-26 में भी लिवजोत ने जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक, सीनियर वर्ग में रजत पदक, टीम सीनियर में कांस्य पदक और टीम जूनियर में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
यह प्रतियोगिता 28 से 30 अक्टूबर तक सिसाय में संपन्न हुई जिसमें खिलाड़ियों ने भाग लिया। लिवजोत न केवल राज्य, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चमक चुके हैं। हाल ही में उत्तराखंड में आयोजित एशिया कैडेट कप में उन्होंने एकल वर्ग में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। लिवजोत पहले भी वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
अब वे आगामी जूनियर और सीनियर नेशनल के साथ-साथ स्कूल नेशनल गेम्स के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। फिलहाल लिवजोत एएसआई पुणे में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।