शहर का प्रमुख लितानी रोड 18 साल से नए निर्माण की बाट जोह रहा है। लंबे समय से मरम्मत के अभाव में सड़क की हालत जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका की ओर से समय-समय पर पैचवर्क करवाया जाता है लेकिन कुछ ही समय बाद सड़क फिर से टूटने लगती है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने अब अस्थायी मरम्मत के बजाय पूरी सड़क का नए सिरे से निर्माण करवाने की मांग उठाई है।
लितानी रोड शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। इस सड़क से दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। लाइन पार अंडरपास से आने-जाने वाले वाहन चालकों के साथ अनाज मंडी में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को भी इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है।
सड़क पर बने गड्ढों में बजरी जमा हो जाती है, जो वाहनों के गुजरने पर उछलकर दुकानों और राहगीरों तक पहुंचती है। इससे दुकानदारों और पैदल चलने वालों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण कई दोपहिया वाहन चालक भी चोटिल हो चुके हैं।
रामकरण, दीपक गर्ग, गगनपाल, ओमप्रकाश, नरेश जैन, राजा सैनी, ओमपाल, यशपाल और रमेश जैन ने बताया कि वर्ष 2005 में तत्कालीन वित्त मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के कार्यकाल में इस सड़क का निर्माण करवाया गया था। करीब 18 साल बीतने के बावजूद सड़क का दोबारा निर्माण नहीं हुआ। सड़क की समस्या को लेकर कई बार मांग उठाई जा चुकी है लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया। पैचवर्क करवाने से कुछ समय के लिए राहत जरूर मिलती है मगर कुछ दिनों बाद गड्ढे फिर से उभर आते हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से जल्द पूरी सड़क का निर्माण करवाने की मांग की।
पार्षदों की बैठक में पारित हो चुका है निर्माण का प्रस्ताव
नगर पालिका प्रधान विकास काला ने बताया कि लितानी रोड के निर्माण को लेकर पार्षदों की बैठक में प्रस्ताव पारित हो चुका है। सड़क का निर्माण जल्द शुरू करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।