संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पांच मंजिला नगर परिषद भवन में अपने कार्यों के लिए प्रतिदिन आने वाले बुजुर्गों को अब सीढि़यां नहीं चढ़नी पड़ेंगी। नगर परिषद भवन में लिफ्ट लगाने का कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब थ्री फेज के बिजली कनेक्शन की जरूरत है, जो जुलाई के पहले सप्ताह में मिल जाएगा। इसके बाद लिफ्ट की सुविधा मिलने लगेगी। यहां काम से आने वाले खासतौर से बुजुर्गों को सीढि़यां चढ़ने में परेशानी होती थी।
नगर परिषद कार्यालय इसी वर्ष लघु सचिवालय से अपने नए भवन में शिफ्ट है। हालांकि नए भवन का सारा कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है, लेकिन जगह की कमी के कारण काम चलाने के लिए यह कार्यालय शिफ्ट करना पड़ा। पांच मंजिला इस नगर परिषद के नए भवन में फिलहाल लिफ्ट नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी होती है। यदि किसी बुजुर्ग को चौथी मंजिल पर स्थित किसी कार्यालय में अपने कार्य के लिए जाना पड़े, तो सीढि़यां चढ़ते-चढ़ते उसकी सांस फूलने लगती है। ऐसे में यहां लिफ्ट लगाना जरूरी था। लिफ्ट लगाने का कार्य पिछले महीने शुरू हो गया था और अब इसका 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जुलाई के पहले सप्ताह में यह कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद लोग लिफ्ट के माध्यम से ऊपरी मंजिलों पर जा और आ सकेंगे।
बॉक्स
बिजली का लोड बढ़वाने के लिए सिक्योरिटी जमा
नगर परिषद में फिलहाल सिंगल फेज का कनेक्शन है। लिफ्ट चलाने के लिए थ्री फेज के कनेक्शन की जरूरत है। इसके अलावा लिफ्ट चलाने के लिए 350 किलोवाट के बिजली कनेक्शन के लोड की जरूरत होगी। नगर परिषद ने 350 किलोवाट का लोड बढ़वाने के लिए सिक्योरिटी जमा करवा दी है। जुलाई के पहले सप्ताह में ही नगर परिषद को थ्री फेज का कनेक्शन मिल जाएगी, जिसके बाद लिफ्ट चलनी शुरू हो जाएगी, तब तक लिफ्ट का बचा हुआ कार्य भी पूरा हो जाएगा।
वर्जन
थ्री फेज के कनेक्शन की सिक्योरिटी बिजली निगम में जमा करवा दी है। जुलाई के पहले सप्ताह में यह कनेक्शन मिलने की उम्मीद है, तब तक लिफ्ट का बचा हुआ कार्य भी पूरा हो जाएगा। कनेक्शन मिलते ही नगर परिषद में आने वाले लोगाें को लिफ्ट की सुविधा भी मिलने लगेगी।-डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद।