संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) ने दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। पहले यूजी और पीजी के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 जून थी लेकिन अब तिथि बढ़ाकर आठ जुलाई कर दी गई है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दाखिले और हर कोर्स के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई है। विश्वविद्यालय में 26 कोर्स हैं, जिसमें इस सत्र से नौ नए कोर्स शुरू हो रहे हैं।
इस बार विद्यार्थी विश्वविद्यालय में नौ नए कोर्सों में भी दाखिला ले सकते हैं। विश्वविद्यालय के पास इस समय कुछ 26 कोर्स हैं। इन नए कोर्सेज में वन ईयर पीजी डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन इंग्लिश टू हिंदी, वन ईयर पीजी डिप्लोमा इन कम्युनिकेशन स्किल इन इंग्लिश, वन ईयर पीजी डिप्लोमा इन फ्रेंच लैंग्वेज एंड कल्चर, वन ईयर पीजी डिप्लोमा इन स्पेनिश लैंग्वेज एंड कल्चर, बैचलर ऑफ आट्र्स, ऑनर्स इन इंग्लिश, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इनफॉरमेशन साइंस, बैचलर ऑफ आर्ट्स ऑनर्स इन साइकोलॉजी, बैचलर ऑफ आर्ट्स ऑनर्स इन हिस्ट्री, बैचलर ऑफ आर्ट्स ऑनर्स इन इकनोमिक्स, बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन, बैचलर ऑफ साइंस ऑनर्स इन मैथमेटिक्स, बैचलर ऑफ साइंस ऑनर्स इन फिजिक्स, बैचलर ऑफ साइंस आनर्स इन केमिस्ट्री, बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट, बीजेएमसी, एमए सोशोलॉजी, एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन प्रोग्राम शामिल हैं।
विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति के तहत दाखिले हो रहे हैं। कुछ नए कोर्स शुरू किए गए हैं जिनमें दाखिला लेने वाले विद्यार्थी बीए, बीकॉम, बीबीए और यूजी व पीजी ऑनर्स विद रिसर्च के डिग्री प्राप्त करने के बाद सीधा पीएचडी में दाखिला ले सकेंगे। पहले पीएचडी में भाग लेने के लिए पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री अनिवार्य थी। यह सभी यूजी व पीजी कोर्स में लागू होगी।
बाक्स
विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए ऑनलाइन फॉर्म की अंतिम तिथि बढ़ा कर आठ जुलाई कर दी गई है। यह निर्णय विद्यार्थियों के दाखिलों के प्रति अत्यधिक उत्सुकता को ध्यान में रख कर लिया गया है। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को देखते हुए नए कोर्सेज शुरू किए गए हैं। ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी नए कोर्सेज में भी अपनी रुचि दिखाएंगे।-डॉ. रणपाल सिंह वीसी सीआरएसयू।