जींद। नगर पालिका संघ हरियाणा की जींद ईकाई ने मांगों को लेकर मंगलवार को दमकल विभाग के माध्यम से मंत्री विपुल गोयल और अग्निशमन विभाग के महानिदेशक के नाम ज्ञापन भेजा। जिला प्रधान सुनील कुंडू के नेतृत्व में जींद जिले के सभी फायरमैन शहर के सफीदों गेट स्थित दमकल विभाग पर एकत्रित हुए।
जिला प्रधान ने सुनील कुंडू ने कहा कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की मांगें काफी लंबे समय से अधूरे पड़ी हैं। सरकार उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है।
संघ कई बार मांगों को लेकर सरकार से बातचीत कर चुका है, लेकिन सरकार की तरफ से उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हो रहा है। वर्ष 2018 के समझौते के तहत 2016 के नियमों में योग्यता पूरी करने वाले पे रोल व एचकेआरएन के फायर कर्मचारियों को फायर ऑपरेटर के सृजित पदों पर समायोजित किया जाए।
जॉब सिक्योरिटी एक्ट 2024 के अनुसार दमकल विभाग के कच्चे कर्मचारियों की 58 वर्ष की नौकरी की गारंटी का पत्र जारी किया जाए। सभी कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए, तब तक सभी भत्तों सहित समान काम समान वेतन दिया जाए। कच्चे कर्मचारियों को सेवानिवृत्त होने या मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए।
एलटीसी का भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 12 जून को अग्निशमन निदेशक के पंचकूला कार्यालय पर काले झंडे लेकर प्रदर्शन करते हुए काला दिवस मनाया जाएगा।
वहीं, 29 जून को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के फरीदाबाद कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर सत्यवान पानू, राजा, सुभाष, भगत सिंह, दीपक बूरा, तेजवीर सिंह, जसबीर सिंह, ओमप्रकाश, रामकुमार और वीरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।