जींद। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने रेलवे अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के दौरान अगर रेलवे अंडरपास में जलभराव होता है तो तुरंत पंप सेट, मोटर चलाकर पानी को निकालना सुनिश्चित करें ताकि आमजन को आवागमन करने में परेशानी नहीं हो। देवीलाल चौक स्थित अंडरपास पर शेड लगे हुए हैं, लेकिन पुल के अंदर लीकेज होने के कारण पानी आता है, जिससे जलभराव की समस्या होती है।
इन लीकेज को तुरंत दुरूस्त किया जाए। रेलवे जल निकासी हेतु संबंधित स्थान पर कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाकर उसकी सूचना डीसी कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें। रेलवे इंजीनियर शैलेश मिश्रा ने डीसी के निर्देशानुसार अंडरपास का दौरा किया और आश्वस्त किया कि भविष्य में कभी भी बरसात के दौरान यदि जलभराव होता है तो तुरंत पंप सेट, मोटर लगाकर जल निकासी की व्यवस्था दुरूस्त रखी जाएगी।