नरवाना। श्री रामा भारतीय कला केंद्र की ओर से पुरानी अनाज मंडी में चल रही रामलीला मंचन में मंगलवार रात लक्ष्मण मूर्छा तक के दृश्य मंचित किए गए। मंचन में दिखाया गया कि युद्ध के दौरान मेघनाद के ब्रह्मास्त्र के प्रहार से लक्ष्मण मूर्छित हो जाते हैं। इस पर पूरा रामदल विलाप करने लगता है।
हनुमान संजीवनी बूटी लेकर आते हैं और लक्ष्मण को होश आ जाता है। इस दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया और पंडाल जयकारों से गूंज उठा। रामलीला के शुभारंभ पर भगवान की आरती और छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत वंदना ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं वीरवार को रामलीला का समापन होगा।
कार्यक्रम में एसडी महिला शिक्षण संस्थाओं के सचिव जियालाल गोयल, प्रवाज एक उड़ान अध्यक्ष मनमोहन मित्तल और एसएमओ डॉ. देवेंद्र बिंदलिश मुख्य अतिथि रहे। केंद्र प्रधान भारत भूषण गर्ग और कलाकारों ने अतिथियों को मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया। मंचन के दौरान संरक्षक सुशील कौशिक एडवोकेट, मंडी प्रधान ईश्वर गोयल, नप प्रधान प्रतिनिधि हंसराज समैण, वेद अरोड़ा मौजूद रहे।
अंगद ने रावण दरबार में जमाया पैर
रामलीला मंचन में हनुमान द्वारा सीता सुधि लाना, विभीषण का रामदल से जुड़ना, भगवान राम द्वारा विभीषण को लंका का भावी राजा घोषित करना और नल-नील को समुद्र पर पुल निर्माण का आदेश देना जैसे दृश्य प्रभावशाली रहे। अंगद ने रावण दरबार में पैर जमाने और नागा का वध करने का मंचन भी दर्शकों को खूब भाया। युद्ध के दृश्यों में राम की भूमिका अमन वर्मा, लक्ष्मण की रामप्रकाश, हनुमान की प्रेम अरोड़ा, रावण की नरेंद्र कुकरेजा और मेघनाथ की शैलेंद्र मोहन गर्ग ने जीवंत अभिनय किया।
55 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन
वीरवार को रामलीला का समापन होगा। कार्यक्रम में दोपहर तीन बजे से मंच पर दृश्य मंचित होंगे और शाम करीब साढ़े पांच बजे 55 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके बाद राज्याभिषेक की रस्म अदा की जाएगी।
समापन पर सुरजेवाला होंगे मुख्य अतिथि
श्री रामा भारतीय कला केंद्र के प्रधान भारत भूषण गर्ग ने बताया कि रामलीला का समापन वीरवार को होगा। इस मौके पर कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला मुख्य अतिथि रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्लास वन कॉन्ट्रैक्टर रामकुमार गोयल और नरेश गोयल शिरकत करेंगे।