जींद। डीएसपी गीतिका जाखड़ के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से खफा बार एसोसिएशन ने मंगलवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।
वकीलों ने कहा कि जब तक डीएसपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। बुधवार को यह हड़ताल पूरे प्रदेश में हो सकती है। बार एसोसिएशन के प्रधान राकेश मलिक ने कहा कि उनकी मांग डीएसपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, सस्पेंड करने और ट्रांसफर करने की है। वकीलों ने आईजी से लेकर पुलिस महानिदेशक तक अपनी मांग भेजी है।
जिला बार एसोसिएशन ने मंगलवार सुबह बैठक कर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। बार एसोसिएशन के प्रधान राकेश मलिक ने कहा कि जब तक डीएसपी गीतिका जाखड़ के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो जाती है, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि न्यायालय में कोई अधिवक्ता उपस्थित होता है, तो उस पर 21 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। पहले वर्क सस्पेंड के दौरान यह राशि 11 हजार रुपये थी, लेकिन इस स्पेशल केस में यह 21 हजार रुपये की गई है। इसके साथ ही जिला बार की सदस्यता बिना कोई नोटिस दिए रद्द कर दी जाएगी। बैठक में उपाध्यक्ष आशीष देशवाल, सचिव विनोद श्योकंद, संयुक्त सचिव दीपक सैनी, एडवोकेट वीरेंद्र जांगड़ा मौजूद रहे। वहीं जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अन्य सभी न्यायाधीशों से अनुरोध किया गया कि वह हड़ताल अवधि के दौरान किसी भी अधिवक्ता की अनुपस्थिति में किसी भी मामले में कोई प्रतिकूल आदेश पारित नहीं करें।
जानकारी के लिए महिला थाना की एएसआई नीलम के साथ वकीलों का शनिवार को विवाद हुआ था। वकीलों ने आरोप लगाए थे कि एएसआई ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। जब वकील डीएसपी गीतिका जाखड़ से मिले तो उन्होंने भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया। वकीलों ने आरोप लगाया कि डीएसपी ने उनके साथ एएसआई से भी ज्यादा दुर्व्यवहार किया। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने शनिवार को ही एएसआई नीलम को सस्पेंड कर दिया था। जिले के वकील डीएसपी गीतिका जाखड़ के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े है।
पूरे प्रदेश में हो सकती है हड़ताल
पुलिस तथा वकीलों के विवाद का यह मामला शनिवार से पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। मंगलवार को बार प्रधान राकेश मलिक ने पूरे हरियाणा के बार प्रधानों से बातचीत की। सभी ने बुधवार से पूरे हरियाणा में हड़ताल करने का निर्णय लिया है। यदि पूरे प्रदेश में हड़ताल होती है तो यह पुलिस के लिए काफी सिरदर्द बनेगा।
डीएसपी गीतिका जाखड़ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। बड़े अधिकारियों को भी इसके बारे में अवगत करवा दिया गया है। -सुमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, जींद।
03जेएनडी34 : बार परिसर में वर्क सस्पेंड होने के बाद खाली पड़ी कुर्सियां। संवाद
03जेएनडी34 : बार परिसर में वर्क सस्पेंड होने के बाद खाली पड़ी कुर्सियां। संवाद
03जेएनडी34 : बार परिसर में वर्क सस्पेंड होने के बाद खाली पड़ी कुर्सियां। संवाद