12जेएनडी21-कोर्ट के बाहर धरने पर बैठे वकील। संवाद
जींद। डीएसपी गीतिका जाखड़ के साथ हुए विवाद के मामले में वकीलों का धरना वीरवार को भी जारी रहा। 15वें दिन धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान राकेश मलिक ने की। वकीलों के धरने को लेकर कोर्ट का कामकाज भी ठप चल रहा है। इसके कारण लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरने पर वकीलों ने रोष प्रकट करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जिला प्रधान राकेश मलिक ने कहा कि सात सितंबर को जींद में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में हुए फैसले में प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया हुआ है। यदि डीएसपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे। गौरतलब है कि 15 दिन पहले जींद महिला पुलिस थाने में महिला एएसआई नीलम के साथ जींद बार एसोसिएशन के प्रधान राकेश मालिक और एक अन्य साथी का विवाद हुआ था। इस विवाद को लेकर वकील एसपी सुमित कुमार से मिले थे, जिस पर उन्होंने डीएसपी गीतिका जाखड़ से मिलने को कहा था। वकीलों का आरोप है कि गीतिका जाखड़ ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें कुछ देर तक बंधक बनाए रखा। वकीलों की मांग है कि डीएसपी गीतिका जाखड़ को सस्पेंड कर उसका जींद से तबादला किया जाए।
12जेएनडी21-कोर्ट के बाहर धरने पर बैठे वकील। संवाद