जींद। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुलोचना कुंडू ने बताया कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली हरियाणवी प्रतिभाओं को सुषमा स्वराज पुरस्कार से सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
इस पुरस्कार के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी आवेदन किए जा सकेंगे, जिसके लिए आठ दिसंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। सुषमा स्वराज पुरस्कार के लिए अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्तर पर जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अतुलनीय योगदान देने वाली हरियाणा की महिलाएं आवेदन कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि आवेदनकर्ता का जन्म हरियाणा में हो तथा उन्होंने मुख्यधारा में रहते हुए महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में योगदान दिया हो।
आवेदनकर्ता को अपना आवेदन जिला परियोजना अधिकारी कार्यालय में जमा कराना होगा, जो उपायुक्त की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय अनुशंसा समिति की चयन प्रक्रिया से होते हुए राज्य स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी के सामने प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद महिला एवं बाल विका मंत्री की अध्यक्षता वाली समिति आवेदनों पर विचार करते हुए योग्य उम्मीदवार का चयन करेगी। यह पुरस्कार के लिए पात्र अभ्यर्थी आठ दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।