नरवाना। विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा ने बताया कि उन्होंने 45 लाख रुपये के विकास कार्य पंचायत विभाग के पास भेजे थे। इन सभी कामों को मंजूरी मिल गई है। इसमें कालवन गांव में शीतला माता परिसर में लंगर हॉल का निर्माण करवाना ग्रामीणों की पुरानी मांग थी, क्योंकि हर वर्ष यहां मेले का आयोजन किया जाता है। मेले में वह भी गए थे तो उन्होंने वहां पर लंगर हॉल बनाने का वादा किया था। इसके लिए उन्होंने 21 लाख रुपये की राशि दी है।
इसके अलावा उझाना गांव में तलोकापत्ती नाले का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इसे लेकर वहां के लोगों को काफी असुविधा हो रही है। नाले के कार्य के लिए उन्होंने 10 लाख रुपये की राशि दी है। इसी प्रकार बिधराना गांव में भी नाले निर्माण के लिए लगभग सात लाख रुपये की धनराशि दी गई। खरल गांव में गली निर्माण के लिए पांच लाख, दातासिंहवाला गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के लिए दो लाख रुपये की धनराशि शामिल है। उन्होंने कहा कि ये सभी काम टेंडर प्रक्रिया होते ही जुलाई में प्रारंभ हो जाएंगे।