संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने भू-मित्र नामक व्हाट्सएप आधारित एआई चैटबॉट लॉन्च किया है। अब नागरिकों को जमाबंदी, इंतकाल और डीड रजिस्ट्रेशन जैसे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि यह चैटबॉट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में 24 घंटे और 365 दिन नागरिकों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेगा। डीसी ने बताया कि 95933-00009 नंबर को मोबाइल में सेव कर नागरिक आसानी से इस सेवा का लाभ ले सकते हैं।
फिलहाल इस प्लेटफॉर्म पर चार मुख्य सेवाएं शुरू की गई है। इसमें जमाबंदी की प्रति भूमि स्वामित्व और खेती के रिकॉर्ड प्राप्त करना, इंतकाल मालिकाना हक में बदलाव से संबंधित कॉपी, मुआवजा पंजीकरण भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की जानकारी और डीड रजिस्ट्रेशन रजिस्ट्री से जुड़ी सहायता और टोकन जनरेशन है।
इसके अलावा नागरिक भूमि सीमांकन (पैमाइश) के लिए आवेदन, राजस्व संबंधी शिकायतें दर्ज करना और उनकी रियल-टाइम ट्रैकिंग भी इसी चैटबॉट के माध्यम से कर सकेंगे। डीसी इमरान रजा ने कहा कि चूंकि व्हाट्सएप का उपयोग हर वर्ग द्वारा किया जाता है इसलिए यह तकनीकी इंटरफेस जटिल पोर्टलों की तुलना में अधिक सरल है।
अगले सप्ताह से डीड रजिस्ट्रेशन से संबंधित सभी एसएमएस अपडेट भी इसी प्लेटफॉर्म के जरिए भेजे जाएंगे। विभाग का उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाना और कार्यालयों में लगने वाली अनावश्यक भीड़ को कम करना है।