जुलाना (जींद)। रामकली गांव में काम करते समय मिट्टी का तौंदा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई।
जुलाना में बाढ़ के पानी की निकासी को लेकर जमीन में पाइपलाइन दबाने का कार्य चला हुआ है, ताकि बाढ़ के पानी की समय पर निकासी हो सके। गांव रामकली में भागलपुर (बिहार) निवासी 30 वर्षीय चंदनदास पाइपलाइन दबाने के लिए खेतों में गड्ढे की खोदाई कर रहा था। इस दौरान मिट्टी का बड़ा तौंदा चंदनदास पर गिर गया और मिट्टी के तौंदा के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। जिसके बाद परिजनों को उसकी मौत की जानकारी दी गई। फिलहाल शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है, परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।