संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। हरियाणा लेग हिट बॉल एसोसिएशन की तरफ से चाणक्य इंटरनेशनल स्कूल में इनामी पुरस्कार लेग हिट बॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें जींद, हांसी, हिसार और भिवानी आदि जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए कोथ कलां (हांसी) की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि एसके स्पोर्ट्स अकादमी जींद की टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी, सम्मान-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इससे पहले मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित होने से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती है। स्कूल की प्रिंसिपल रितु अत्री भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में हरियाणा लेग हिट बॉल महासचिव संजय कुमार, कार्यकारी सचिव अमन कुमार, सितेंद्र कलसन, मा. सेवा सिंह, प्रशिक्षक सुमित कुमार, हरदीप, साहिल, अनु, अंकिता मौजूद रही।