शहर के सेक्टर सात से इनसो नेता सिद्धार्थ शर्मा का अपहरण उसके पिता राजेंद्र शर्मा के गाड़ी चालक ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर किया था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश करेगी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव ईंटल कलां निवासी सुरेश, भीम, सोनू और गांव लालूपुर करनाल निवासी विनोद के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी सोनू पिछले लंबे समय से सिद्धार्थ शर्मा के पिता राजेंद्र शर्मा की गाड़ी चालक है। इस दौरान सोनू को पता चल गया कि उसका पिता राजेंद्र शर्मा नायब तहसीलदार के पद से सेवानिवृत्त है और उसके पिता के पास पैसे बहुत हैं। इसके बाद आरोपी सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिद्धार्थ शर्मा के अपहरण की योजना बनाई और सेक्टर सात से उसका अपहरण कर लिया। बाद में फोन करके राजेंद्र शर्मा से डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। लेकिन जब उन्होंने देखा कि पुलिस ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया तो वह हांसी के बस स्टैंड पर सिद्धार्थ शर्मा को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी गांव ईंटल कलां निवासी सुरेश, भीम, सोनू और गांव लालूपुर करनाल निवासी विनोद को गिरफ्तार कर लिया।