08जेएनडी06: कॉलेज परिसर में डीएसपी कमलदीप राणा का स्वागत करते हुए स्टाफ सदस्य। स्रोत संस्थान।
नरवाना। सनातन धर्म महिला महाविद्यालय में बुधवार को नशा मुक्ति और एड्स जागरूकता कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी कमलदीप राणा ने शिरकत की। इसकी अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्या डॉ. अंजना लोहान ने की। अंत में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की खुशी श्योकंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डीएसपी ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
डीएसपी ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है जो व्यक्ति ही नहीं बल्कि परिवार को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को नशे की लत है तो उसकी जानकारी पुलिस या संबंधित विभाग को दें ताकि उसका निशुल्क उपचार कराया जा सके। कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक प्रकार का नशा बनता जा रहा है जिससे बचना जरूरी है।
नरेश कुमार और संदीप शर्मा साहिल ने भी छात्राओं को जागरूक किया। नरेश कुमार ने सभी को नशा न करने की शपथ दिलाई। प्राचार्या डॉ. अंजना लोहान ने कहा कि छात्राएं अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम में डॉ. नयन दीप, डॉ. शालू, मधु शर्मा, सुमन गर्ग आदि मौजूद रहीं।