जींद। लव मैरिज, लिव इन रिलेशनशिप, समलैंगिक आदि कानूनों व गंदे-अश्लील गाने और गन कल्चर को लेकर माजरा खाप पंचायत ने सरकार से कड़ा एतराज जताया है।
माजरा खाप पंचायत के प्रधान गुरविंदर सिंह संधू और सचिव महेंद्र सिंह सहारण ने कहा कि लंबे समय से खाप पंचायतें प्रेम विवाह, सहमति संबंध, समलैंगिक जैसे कानूनों को निरस्त और संशोधन करने की मांग कर रही हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी से खाप पंचायतें मुलाकात भी कर चुकी है।
प्रेस प्रवक्ता समुद्र सिंह फोर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में प्रेम विवाह पर संशोधन किया है कि अब इसमें मां-पिता की सहमति आवश्यक होगी। शादी कराने वाले की जांच होगी। यह कदम उत्तर प्रदेश सरकार कानून स्वागत योग्य है। हरियाणा सरकार को भी ऐसा कानून लागू करना चाहिए।
शादी की उम्र सरकार 21 वर्ष करने पर विचार कर रही है, जबकि सहमति संबंध में उम्र की कोई सीमा नहीं रखी गई। समलैंगिक जैसे कानून सरकार थोप रही है।
माजरा खाप पंचायत ने सरकार को पत्र लिखकर मांग की है कि शीघ्र ही इस विषयों पर खाप पंचायतों से बातचीत की जाएं। खाप पंचायत चाहती हैं कि प्रेम विवाह में मां-पिता की सहमति बने और प्रेम विवाह गांव और गोत्र साथ लगते गांव में नहीं हो।