जींद। फरीदाबाद के केएल मेहता दयानंद महाविद्यालय में शुक्रवार को हुई राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। इस टीम में एमकॉम की छात्रा ज्योति, मगन और विकास शामिल रहे।
प्राचार्य सत्यवान मलिक ने बताया कि क्विज प्रतियोगिता में नौ संस्थानों की टीमों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में कुल पांच राउंड रखे गए थे। पहले तीन राउंड में प्राप्त अंकों के आधार पर नौ में से पांच महाविद्यालय चौथे और पांचवें राउंड को खेलने के लिए चुने गए। पहले तीन राउंड में राजकीय महाविद्यालय जींद की टीम तीसरे स्थान पर थी। चौथे और पांचवें रेफिड फायर राउंड में महाविद्यालय की टीम ने अच्छा प्रदर्शन कर सर्वाधिक 240 अंक प्राप्त कर अन्य महाविद्यालयों की टीमों को पछाड़ दिया और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। प्राचार्य तथा वाणिज्य विभाग के एचओडी मुनीश कुमार और सभी स्टॉफ सदस्यों ने टीम को बधाई दी।