जींद। ब्रहाम्ण वास गांव से दौरड़ रोड पर फाटक के पास से जुलाना थाना पुलिस ने चार युवकों को १.८० किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नशा तस्करी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जुलाना थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि उनकी टीम जुलाना बस अड्डे पर अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त पर गई हुई थी। इस दौरान उनकी टीम को सूचना मिली कि मालवी निवासी मिक्कु , फतेहगढ़ निवासी सुनील, किलोई निवासी दीपक व विनोद अफीम की तस्करी करने के लिए ब्रहाम्ण्वास गांव से दौरड़ रोड पर खड़े हैं, अगर तुरंत रेड की जाए तो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर टीम का गठन कर छापेमारी की तो बताए गए स्थान पर चार व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। इस दौरान वह पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने उन को काबू कर लिया और तलाशी ली तो उनके कब्जे १.८० ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों को अफीम के साथ गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।